बंगाल ब्यूरो 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती पहुंच गए हैं। रविवार दोपहर धोती और पंजाबी पहनकर वह कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान के लिए रवाना हुए। उनके साथ भाजपा के बंगाल प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे। जैसे ही मिथुन चक्रवर्ती ब्रिगेड परेड मैदान में पहुंचे वहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिथुन चक्रवर्ती जिंदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। विजयवर्गीय के साथ ही मिथुन चक्रवर्ती मुख्य मंच पर पहुंचे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधन करना है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेताओं से भी मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने मिथुन चक्रवर्ती स्वागतम के नारे लगाए। मैदान में लोगों का हुजूम ब्रिगेड परेड मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। कोलकाता के इस सबसे बड़े मैदान के कोने कोने में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद हैं। लोग झंडे बैनर पोस्टर पीएम के कटआउट और प्रधानमंत्री के चेहरे वाला फेस मास्क पहन कर आए हैं।

भाजपा में शामिल हुए अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती

आखिरकार बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। कोलकाता के सबसे बड़े ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले मंच पर मिथुन दा पहुंच गए थे। उन्होंने धोती और कुर्ता पहना था। मंच पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय तथा बंगाल प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें भारतीय जनता पार्टी का दामन थमाया। मंच से उन्होंने भाजपा का झंडा लहराया और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष तथा कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह अंकित अंग वस्त्र पहनाया है। इसके बाद मिथुन चक्रवर्ती ने पार्टी का झंडा लहराया और हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन भी किया। पश्चिम बंगाल में सरकार गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी चल रही है।‌ फिलहाल भाजपा के पक्ष में माहौल है और मिथुन चक्रवर्ती जैसे लोकप्रिय शख्सियत के भाजपा के पाले में आकर प्रचार करना बंगाल के जनमानस पर व्यापक प्रभाव डालने वाला होगा।

पीएम का हाथ मजबूत करेंगे मिथुन : विजयवर्गीय
– इधर भारतीय जनता पार्टी के बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने ब्रिगेड परेड मैदान में मिथुन चक्रवर्ती की उपस्थिति को लेकर कहा कि मिथुन दा ने आश्वस्त किया है कि वह भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि ब्रिगेड परेड मैदान में लोगों का जन समुद्र उमड़ पड़ा है। भाजपा की यह सभा बंगाल में केवल सत्ता परिवर्तन की नहीं बल्कि राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक हालात बदलने की है और इस बार लोग भारतीय जनता पार्टी को ही चुनेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *